मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सफाई मित्रों पर बरसाए फूल, कहा- उनका पूरा ख्याल रख रही सरकार


संस्कारधानी जबलपुर में आयोजित हुआ सफाई मित्र सम्मान
सफ़ाईकर्मियों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाभ दे रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

जबलपुर 14 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 नवंबर को जबलपुर पहुंचे। उन्होंने यहां मानस भवन में आयोजित “सफाई मित्र सम्मान” समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने सफाई मित्रों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के बिरसा मुंडा चौक स्थित आधारताल परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संस्कारधानी, न्याय की नगरी और बाबा महाकाल के आशीर्वाद से इस नगर का समय बदला है। संगमरमर की नगरी भेड़ाघाट की पहचान रखने वाला हमारा जबलपुर अब स्वच्छता की नगरी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। यह परमात्मा की अद्भुत कृपा है। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की अत्यंत प्रसन्नता है कि पूरे देश में जबलपुर सबसे स्वच्छ नगरों की श्रेणी में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।स्वच्छता की मिसाल जब भी कहीं देखने को मिलेगी, तो वह हमारे अपने जबलपुर से मिलेगी। सच कहूं, जब मेरा जबलपुर आने का कार्यक्रम बना, तो हमने कहा कि कर्मयोगी को प्रणाम अवश्य करेंगे, जिनके कारण यह अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आप सभी जबलपुरवासियों का हृदय से अभिनंदन है। एक बात सच है कि हमारी संस्कृति में स्वच्छता का कितना महत्व है, यह दीपावली के पर्व से भी स्पष्ट होता है।

स्वच्छता हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दीपावली पर जब हम मां महालक्ष्मी की पूजा करते हैं, तो वहां स्वच्छता के प्रतीक झाड़ू का भी विशेष महत्व होता है। हमारी मान्यता है कि यदि हम स्वच्छता के इस प्रतीक को सम्मान नहीं देते, तो मां लक्ष्मी का आशीर्वाद भी प्राप्त नहीं होता। वास्तव में, हमारी संस्कृति इतनी समृद्ध और महान है कि वह स्वच्छता को भी पूजा और संस्कार का अभिन्न अंग मानती है। कल ग्वालियर में आयोजित सफ़ाई मित्रों के सम्मान समारोह में मैंने सहभागिता की थी। मुझे ये कहते हुए प्रसन्नता है कि ग्वालियर सहित इंदौर – देपालपुर, उज्जैन, देवास और बुदनी ने सफ़ाई के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

सफाईकर्मियों के लिए सरकार ने चलाई खास योजना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैं जबलपुर को भी इस श्रेणी में स्थापित होने के लिए बधाई देता हूं। हम वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के लिए तत्पर हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सफ़ाईकर्मियों के सम्मान के साथ ही उन्हें आवश्यक उपकरण प्रदान करने के लिए नमस्ते योजना भी शुरू की है। हमने सफ़ाईकर्मियों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाभान्वित कराने का निर्णय भी लिया है। जबलपुर-भोपाल-इंदौर-उज्जैन के लिए इकोनॉमिक कॉरिडोर की मैंने कल घोषणा की है। आरजीपीवी के तीन हिस्सों में एक विश्वविद्यालय जबलपुर में भी स्थापित होने वाला है। इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *